प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन अमेरिका का आधिकारिक ऐलान हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी 26 सितंबर से 30 सितंबर तक अमेरिका में होंगे। करीब चार महीने पहले सत्ता में आने के बाद ये मोदी की सबसे बड़ी और सबसे अहम यात्रा है। बतौर प्रधानमंत्री अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान मोदी का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। तय कार्यक्रम के मुताबिक अपने 5 दिन के दौरे में मोदी कुल 35 कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। मोदी 26 सितंबर को न्यूयॉर्क पहुंचेंगे जहां पहले दिन शहर के मेयर उनसे मुलाकात करेंगे। 27 की सुबह मोदी 9ध्11 हमले की जगह पर बने स्मारक पर जाएंगे। 27 को ही मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। मोदी 28 को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर में 20 हजार इंडियन-अमेरिकन को संबोधित करेंगे। इसके बाद मोदी की राष्ट्रपति बराक ओबामा से दो बार मुलाकात होगी। पहली मुलाकात 29 सितंबर को वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस में निजी डिनर पर होगी। जबकि इसके अगले दिन यानी 30 सितंबर को दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। अपनी यात्रा के दौरान मोदी पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन से भी मिलेंगे। मोदी तीन राज्यों के गवर्नरों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा 29 सितंबर को ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान मोदी गूगल, पेप्सिको जैसी नामी कंपनियों के 11 सीईओ से भी बात करेंगे। 30 की सुबह मोदी वाशिंगटन में लिंकन और मार्टिन लूथर किंग के स्मारक पर भी जाएंगे। इसके अलावा गांधी स्टैचू पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे ये पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री अमेरिकी यात्रा के दौरान इतने सारे सरकारी और निजी कार्यक्रमों में शिरकत करेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।