पाकिस्तान ने इस महीने 10वीं बार किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
(JAMMUandKASHMIR, India) पाकिस्तान के साथ सीमा रेखा की सुरक्षा कर रहे सेना के जवानों ने इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने यहां कहा, पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह करीब 8 बजे पुंछ जिले के बलनोई उप सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारत की अग्रिम चौकियों पर बिना किसी उकसावे के भारी गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इलाके से मिली आखिरी जानकारी तक किसी भी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं थी। एक अक्टूबर के बाद से जम्मू-कश्मीर में भारत-पाक सीमा पर यह संघर्ष विराम उल्लंघन की दसवीं घटना है। पुंछ में संघर्ष विराम उल्लंघन की सात घटनाएं और जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऐसी तीन घटनाएं हुई हैं। पाकिस्तानी सैनिकों ने कल पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे जिसका भारतीय सेना ने उचित जवाब दिया था। गत तीन अक्तूबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने चार बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। उन्होंने नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम इलाकों एवं गांवों और कश्मीर घाटी के गुलमर्ग सेक्टर और जम्मू क्षेत्र के पुंछ एवं जम्मू सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की जिनमें एक लड़की मारी गयी और छह अन्य घायल हो गए। गत एक और दो अक्टूबर को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिससे छह लोग घायल हुए थे और कुछ घरों को क्षति पहुंची थी। दो अक्तूबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम इलाकों की सीमांत बस्तियों को निशाना बनाकर उनपर मोर्टार दागे थे और गोलीबारी की थी जिससे छह नागरिक घायल हो गए थे। हाल के महीनों में पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर 100 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।