कैबिनेट मंत्रियों में 17 मंत्री करोड़पति
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास 1.26 करोड़ रुपए की संपत्ति है जबकि रक्षा और वित्त मंत्री अरुण जेटली मोदी कैबिनेट के सबसे धनी मंत्री हैं और उनके पास 72.10 करोड़ रुपए की संपत्ति है। प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के अन्य 44 सदस्यों द्वारा घोषित संपत्ति एवं देनदारियों के ब्योरे के मुताबिक केंद्रीय मंत्रियों में शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के पास सबसे कम 20.45 लाख रुपए की संपत्ति है। इन ब्योरों को सोमवार को सार्वजनिक किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के पास 37.68 करोड़ रुपए की संपत्ति है जबकि कोयला एवं बिजली मंत्री पीयूष गोयल के पास 31.67 करोड़ रुपए और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला के पास 29.70 करोड़ रुपए की संपत्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कुल 22 कैबिनेट मंत्रियों में 17 मंत्री करोड़पति हैं। मंत्री जो करोड़पति नहीं हैं, उस सूची में 39.88 लाख रुपए के साथ खाद्य मंत्री रामविलास पासवान का भी नाम है। इसके साथ ही, श्रम एवं रोजगार मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पास 44.90 लाख रुपए, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के पास 48.54 लाख रुपए जबकि रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार के पास 60.62 लाख रुपए की संपत्ति है। नायडू के पास 20.45 लाख रुपए की संपत्ति है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पास 2.56 करोड़ रुपए की संपत्ति है वहीं, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पास 2.73 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसके अलावा हरियाणा के पलवल में कुछ कृषि भूमि है। कानून एवं दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद के पास 14.91 करोड़ रुपए की संपत्ति है जबकि परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के पास 3.34 करोड़ रुपए की संपत्ति है। उमा भारती के पास 1.62 करोड़ रुपए की संपत्ति है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।