सीमा पर पाकिस्तान ने 40 चौकियों पर की गोलाबारी, गांवों को बनाया निशाना, 9 लोग घायल
(JAMMUandKASHMIR, India) इस माह 17वीं बार संघषर्विराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी रेंजरों ने जम्मू कश्मीर के जम्मू और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगीं 40 चौकियों और आसपास के 25 इलाकों पर मोर्टार दागे तथा गोलीबारी की जिससे 9 लोग घायल हो गए। पाकिस्तान द्वारा किए गए संघषर्विराम उल्लंघन का बीएसएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और कुछ इलाकों में अभी भी दोनों पक्षों में गोलीबारी जारी है। बीएसएफ के प्रवक्ता विनोद यादव ने बताया, ‘पाकिस्तानी रेंजरों ने एक बार फिर बिना किसी उकसावे के, कल रात नौ बजे से अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी बीएसएफ चौकियों पर मोर्टार दागे और भारी गोलीबारी की। ’ बीएसएफ के प्रवक्ता यादव ने बताया, ‘पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में बीएसएफ की कम से कम 40 सीमा चौकियां प्रभावित हुई हैं।’ उन्होंने बताया कि गोलाबारी और गोलीबारी में जम्मू तथा सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगने वाले अरनिया, आर एस पुरा, कानाचक तथा परगवाल सब सेक्टरों को निशाना बनाया गया है। विस्तृत ब्यौरा देते हुए उन्होंने बताया कि कानाचक और परगवाल में बीएसएफ की लगभग सभी चौकियों को पाकिस्तानी रेंजरों ने निशाना बनाया। प्रवक्ता ने बताया कि अरनिया और आर एस पुरा सब सेक्टरों में भी बीएसएफ की चौकियों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, ‘सभी स्थानों पर बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।’ उन्होंने बताया कि कुछ इलाकों, खासकर परगवाल में गोलीबारी अभी भी जारी है। प्रवक्ता ने कहा, ‘बीएसएफ की तरफ जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है ।’ जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट अजीत कुमार साहू ने बताया कि कल रात से जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया, आर एस पुरा, परगवाल, गंजानसू और कानाचक पट्टी में 20 से 25 सीमावर्ती इलाकों पर मोर्टार दागे गए और भारी गोलीबारी की गई। उन्होंने बताया कि जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी और गोलाबारी में तीन लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात को ही 1,000 से अधिक लोगों को शिविरों में ले जाया गया। जम्मू कश्मीर में एक अक्तूबर से भारत पाक सीमा पर यह 17वां संघषर्विराम उल्लंघन है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।