(Haveli, Punch)
मंगलवार रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत ने पाकिस्तान की कई चौकियों को नष्ट कर दिया है। भारत ने पाकिस्तानी सीमा की 50 चौकियों पर फायरिंग कर उसे करारा जवाब दिया है। कठुआ, सांबा, आरएसपुरा और अखनूर सेक्टर में फायरिंग लगातार जारी है। सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ और सेना के जवान पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब दे रहे हैं। 200 किलोमीटर लंबे बॉर्डर पर भारत की ओर से सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। दूसरी तरफ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगने वाले जम्मू, सांबा, कटवा जिलों में पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से मोर्टार दागे जाने और गोलीबारी करने से बीएसएफ के एक जवान सहित छह लोग घायल हो गए। बीएसएफ प्रवक्ता विनोद यादव ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीती रात नौ बजे से अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी बीएसएफ की चौकियों पर भारी गोलाबारी की। यादव ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से हुए गोलाबारी में बीएसएफ की करीब 40 चौकियां प्रभावित हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अर्निया, आरएस पुरा, कांचक और परगवाल सब सेक्टर में गोलाबारी हुई। जम्मू के जिलाधीश अजीत कुमार साहू ने बताया कि जम्मू जिले के अर्निया, आरएस पुरा, परगवाल, गांजनसू और कानचक इलाके में बीती रात से 20 से 25 बस्तियों पर गोलाबारी हुई है। गोलीबारी के मद्देनजर 1,000 से अधिक लोग रात में शिविरों में शरण लेने चले गए। इस बीच, सीजफायर उल्लंघन पर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के साथ फ्लैग मीटिंग से इनकार कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग रुकने तक बीएसएफ से फ्लैग मीटिंग नहीं करने को कहा गया है। गृह मंत्रालय ने पहले बीएसएफ को फ्लैग मीटिंग का निर्देश दिया था, लेकिन, अब भारत पाकिस्तान के पहल का इंतजार करेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।