पाकिस्‍तान पर भारत का कड़ा रुख, सीमा पर फायरिंग जारी रहने तक कोई वार्ता नहीं
(DELHI, India) राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीमा पार से हो रही गोलीबारी को लेकर ताजा हालात की जानकारी दी। इसके बाद पाकिस्‍तान पर भारत के तेवर सख्‍त हो गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार ने फैसला किया है कि जब तक अंतरराष्‍ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी रुक नहीं जाती तब तक पाक से कोई बातचीत नहीं होगी। वहीं, सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा पार से गोलीबारी मामले में सेना से उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है। उधर, पीएमओ ने कहा है कि पाकिस्तान के दबाव में नहीं आएगा भारत। इस पूरे मामले पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की नजर है। वहीं, संघर्ष विराम के लगातार उल्लंघन के बाद भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि वह भी पलटवार करने से नहीं हिचकेगा। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई भारी गोलाबारी से बुधवार को एक परिवार की दो महिलाओं की जान चली गई जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ जवान भी शामिल हैं। पाकिस्तान की ओर से पिछले करीब एक हफ्ते से अधिक समय से लगातार किए जा रहे संघर्ष विराम उल्लंघन में आठ लोगों की जान जा चुकी है। पाकिस्तानी रेंजर्स ने 192 किमी लंबी सीमा पर कल रात से 50 सीमा चौकियों और 35 रिहायशी बस्तियों को निशाना बनाया। गोलाबारी में बढ़ोतरी से पलायन शुरू हो गया है और सीमावर्ती गांवों से करीब 16 हजार लोग सुरक्षित इलाकों में चले गए हैं। पाकिस्तान की गोलाबारी में 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें आज घायल हुए 15 लोग शामिल हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास आज उन इलाकों का दौरा किया जहां पाकिस्तानी जवानों ने भारी गोलाबारी और गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री सिंह ने सुरक्षा बलों और राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की फ्लैग मीटिंग की पेशकश होने पर उसे ठुकराने के निर्देश मिले हैं, जब तक पाक रेंजर्स फायरिंग को पूरी तरह बंद नहीं कर देते। सरकार का मानना है कि सीजफायर का उल्लंघन और बातचीत साथ−साथ नहीं हो सकती। गोलाबारी रोकने के लिए पाकिस्तान को चेतावनी देने को भी कहा गया है। सेना को मुंहतोड़ जवाब देने का आदेश मिले हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।