प्रधानमंत्री आज लांच करेंगे श्रमेव जयते कार्यक्रम
(India)
देश में औद्योगिक विकास के अनुकूल माहौल तैयार करने के साथ-साथ श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पीएफ ग्राहकों के लिए यूनिवर्सल एकाउंट नंबर समेत कई योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री दक्षता विकास और श्रम सुधारों से संबंधित दीनदयाल उपाध्याय श्रमेव जयते कार्यक्रम की शुरुआत भी करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत चार योजनाएं लांच की जाएंगी। पहली स्कीम के तहत प्रधानमंत्री 16 अक्टूबर को देश के साढ़े ग्यारह हजार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग सोलह लाख छात्रों को एसएमएस भेजकर उनका उत्साहवर्द्धन करेंगे। दूसरी योजना भविष्य निधि ग्राहकों के लिए यूनीवर्सल एकाउंट नंबर लांच किए जाने की है। यूएएन के जरिए प्रत्येक ग्राहक अपने पीएफ खाते की ऑनलाइन जानकारी प्राप्त करने के साथ ही साथ पीएफ निकालने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेगा। प्रतिष्ठान बदलने के बाद भी कर्मचारी का यूएएन नंबर वही रहेगा। तीसरी स्कीम का संबंध श्रम सुधारों से है। इसके तहत श्रम मंत्रालय द्वारा तैयार एकीकृत श्रम पोर्टल और श्रम निरीक्षण योजना का शुभारंभ होगा। चैथी स्कीम उद्यमिता प्रशिक्षण से जुड़ी है। देश में उद्यमिता प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए अप्रेंटिस प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।