(JAMMUandKASHMIR, India)
पाकिस्तान ने एक बार फिर गुरुवार रात सीजफायर को तोड़ा और भारतीय चौकियों पर फायरिंग की। भारतीय सेना ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकी पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। बताया जा रहा है कि पाक सेना ने बीती रात पुंछ जिले के हमीरपुर सेक्टर में करीब डेढ़ घंटे तक गोलीबारी की। गौर हो कि दो दिन पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी, जिसमें सात साल का एक लड़का घायल हो गया था। यह गोलीबारी उस समय हुई जब भारत ने पड़ोसी देश के सामने लगातार हो रही गोलीबारी पर विरोध जताया था। पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शमशेर हुसैन ने बताया था कि पुंछ के सौजियां सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सीमापार से गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी सैनिकों ने किरनी और शाहपुर इलाकों के अग्रिम क्षेत्रों को भी निशाना बनाया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुइयियां गोतिरियां गांव में यूकेजी का छात्र रियाज गोलीबारी में घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि भारतीय सैनिकों ने भी पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब दिया था। गौर हो कि पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन एवं सीमापार से गोलीबारी के आलोक में करीब 57 गांवों के 10 हजार से अधिक निवासी शिविरों में ठहरे हुए हैं। जम्मू क्षेत्र के जम्मू, सांबा, कठुआ और पुंछ जिलों में एक अक्तूबर से पाकिस्तान द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी एवं गोलाबारी किए जाने से आठ लोगों की जान जा चुकी हैं और 94 लोग घायल हुए हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।