मथुरा में किसानों का उग्र प्रदर्शन
(India)

उत्तर प्रदेश के मथुरा में शनिवार को गोकुल बैराज के डूब क्षेत्र में खेतीयोग्य भूमि देने वाले गांवों के किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लेकिन इसी दौरान पुलिस के सख्त रवैये से किसान उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। आक्रोशित किसानों ने बैराज से गुजर रही दो सरकारी बसों और एक स्कूटर को भी आग लगा दी। संघर्ष उस समय हुआ जब बैराज पर धरना दे रहे किसानों को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समझाकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने यूपी रोडवेज और राजस्थान रोडवेज की एक एक बस और एक ऑटो स्कूटर में आग लगा दी। साथ ही किसानों ने बैराज स्थित जल निगम के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। एसएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पथराव में कुछ पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार आंदोलनकारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर ओमप्रकाश सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर मामले को सुलझाने की कोशिश शुरू कर दी। दूसरी ओर किसान सभा एकता के अध्यक्ष भगवती प्रसाद ने बताया पुलिस ने उनके कई साथियों को मारा पीटा। जिसके बाद ही ग्रामीण भड़क गए और हंगामा हो गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।