फडणवीस सरकार को मिल सकता है एनसीपी का साथ!
(India)
शिवसेना के साथ गतिरोध बरकरार रहने के बीच महाराष्ट्र में 13 दिन पुरानी देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार आज विश्वासमत प्रस्ताव पेश करेगी जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी)की मदद से जीत मिलने की संभावना है। वहीं मंगलवार को उद्धव ठाकरे की शिवसेना विधायकों से हुई मीटिंग ने मुंबई में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।विधायकों के साथ हुई यह मीटिंग एक घंटे से भी ज्यादा देर तक चली। मीटिंग के बाद उद्धव ने वहां इंतजार कर रहे पत्रकारों से कोई बात नहीं की। शिवसेना के सूत्रों ने बताया कि उद्धव ने अपने विधायकों से कहा है कि वे विधान भवन में बुधवार की सुबह 9 बजे उपस्थित रहें।कभी एक दूसरे की साथी रही बीजेपी और शिवसेना ने विश्वासमत प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही एक-दूसरे के खिलाफ तलवारें खींच ली हैं और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपने उम्मीदवार भी खड़े कर दिए हैं। इनके अलावा कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवारा उतारा है जिसकी वजह से विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। बीजेपी ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हरिभाउ बागड़े को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि शिवसेना ने विजय औती तथा कांग्रेस ने वर्षा गायकवाड़ को उम्मीदवार घोषित किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।