रिलायंस ने केजी-डी6 ब्लॉक से बढ़ाया उत्पादन
(India)
प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को सरकार की मंजूरी मिलते ही रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआइएल) के केजी-डी6 ब्लॉक से उत्पादन घटने का सिलसिला थम गया। नए साल की शुरुआत के साथ ही कंपनी ने यहां से उत्पादन 15 फीसद तक बढ़ा दिया है। इस ब्लॉक में लगभग चार साल बाद कंपनी ने एक नए कुएं से गैस की निकासी शुरू की है। इसके चलते उत्पादन में वृद्धि हुई है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने एमए-8 कुएं से दो जनवरी को उत्पादन शुरू किया। इससे डी6 ब्लॉक से उत्पादन बढ़कर रोजाना 1.37 करोड़ घनमीटर हो गया है। इस कुएं से फिलहाल रोजाना 15 लाख घनमीटर से कम गैस उत्पादित हो रहा है। इसके इस महीने के अंत तक बढ़कर रोजाना 25 लाख घनमीटर तक हो जाने की उम्मीद है। डी6 ब्लॉक के एमए तेल फील्ड में मौजूद इस नए कुएं को पिछले महीने ही तैयार कर लिया गया था। यह इस क्षेत्र का सातवां कुआं है, जिसमें उत्पादन शुरू हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि एमए-8 से गैस निकासी प्रक्रिया को फिलहाल व्यवस्थित करने का काम चल रहा है। पूर्वी तट पर स्थित कृष्णा गोदावरी बेसिन के इस ब्लॉक में ब्रिटेन की बीपी और कनाडा की निको रिसोर्सेज भी हिस्सेदार हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।